–२७ मार्च २००३

न जाने कौन किस आह पर
हाथ थाम बैठे
बस इसी आस में कराह रहे हैं।

कितने मौसम बीत गए
इस लवण में तरते तरते
न जाने किस बरसी बूँद से
मोती बन बैठें
बस इसी प्यास में बहे जा रहे हैं।

कितने भंवरे चूम गए
पंखुड़ियॉं सहलाते
न जाने किस पराग से
बीज बन ऐंठें
बस इसी लाज में खिले जा रहे हैं।

कितनी मंज़िलें मापी
कितने महल ध्वस्त हुए
बस गिने जा रहे हैं।
न जाने कौन किस राह पर
साथ चल बैठे
बस इसी तलाश में चले जा रहे हैं
चले जा रहे हैं।

*********